उज्जैन, 16 जनवरी (आईएएनएस)। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में वीआईपी श्रद्धालुओं के दर्शन का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार तड़के भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच और पूर्व दिग्गज खिलाड़ी गौतम गंभीर बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
जानकारी के अनुसार, गौतम गंभीर ने सुबह करीब 4 बजे आयोजित होने वाली भस्म आरती में भाग लिया। उन्होंने भगवान शिव की आराधना करते हुए देश और भारतीय क्रिकेट टीम की सफलता की कामना की। मंदिर परिसर में लगभग दो घंटे तक मौजूद रहे गंभीर इस दौरान पूरी तरह शिव भक्ति में लीन नजर आए।
भस्म आरती के समय गौतम गंभीर नंदी हाल में बैठकर शांत भाव से “ॐ नमः शिवाय” का जाप करते दिखाई दिए। मंदिर परिसर “हर हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं और मंदिर में मौजूद लोगों ने उन्हें सादगी और श्रद्धा के साथ पूजा करते हुए देखा।
आरती के बाद उन्होंने मंदिर परंपरा के अनुसार गर्भगृह की चौखट से भगवान महाकाल के दर्शन किए और जल अर्पित कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने गर्भगृह में प्रवेश किए बिना ही दर्शन कर अपनी गहरी श्रद्धा प्रकट की।
इस अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से गौतम गंभीर का सम्मान भी किया गया। मंदिर समिति के अधिकारियों ने उन्हें बाबा महाकाल का प्रसाद और तस्वीर भेंट की। गंभीर ने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन से उन्हें मानसिक शांति और नई ऊर्जा प्राप्त हुई है।
उल्लेखनीय है कि उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। हाल के दिनों में खेल, राजनीति और फिल्म जगत से जुड़ी कई हस्तियां यहां दर्शन के लिए पहुंच चुकी हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले 1 जनवरी को भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी नए साल की शुरुआत बाबा महाकाल के दर्शन के साथ की थी। टीम की कई प्रमुख खिलाड़ियों ने महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में पूजा कर आने वाली चुनौतियों के लिए भगवान शिव से आशीर्वाद मांगा था।







