सिनेमा हॉल नहीं… मानो कोई जुलूस निकल पड़ा हो।पोस्टर पर फूल-मालाएं, दूध से अभिषेक, ट्रैक्टरों की कतारें, हाथों में तिरंगा और गूंजते जयकारे— ये किसी त्योहार या रैली का नज़ारा नहीं, बल्कि Border 2 का ज़मीनी क्रेज है, जिसने पूरे देश में सनी देओल की दीवानगी को एक बार फिर ज़िंदा कर दिया है।
‘बॉर्डर 2’ की रिलीज के साथ ही देश के कई हिस्सों में ऐसा माहौल बन गया है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो साफ दिखा रहे हैं कि फैंस सिर्फ फिल्म देखने नहीं, बल्कि जश्न मनाने थिएटर पहुंच रहे हैं।ग्रामीण इलाकों में तो नज़ारा किसी राजनीतिक रैली से कम नहीं है।
दूर-दराज के गांवों से लोग जीप और ट्रैक्टरों में भरकर, अपने वाहनों पर ‘Border 2’ के बड़े-बड़े पोस्टर लगाकर सिनेमाघरों तक पहुंच रहे हैं। ट्रैक्टरों की लंबी कतारें, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक का जोश और चारों तरफ गूंजते नारे—ये सब बताता है कि सनी देओल का जमीनी कनेक्शन आज भी कितना मजबूत है।
कुछ वायरल वीडियो में फैंस सनी देओल की तस्वीर पर फूल-मालाएं चढ़ाते और फिर दूध से अभिषेक करते नजर आ रहे हैं। यह नज़ारा बिल्कुल वैसा ही है, जैसा साउथ में रजनीकांत की फिल्मों के दौरान देखने को मिलता है। सिनेमाघरों के बाहर महिलाएं तिरंगा लेकर डांस कर रही हैं, लोग देशभक्ति के नारों के साथ फिल्म का जश्न मना रहे हैं। कई जगहों पर माहौल ऐसा बन गया है, मानो कोई बड़ा राष्ट्रीय पर्व हो।
एक वीडियो में तो सनी देओल का एक फैन तोप की प्रतिकृति लेकर थिएटर पहुंच गया। कहीं लोग ढोल-नगाड़ों के साथ एंट्री कर रहे हैं, तो कहीं पूरे परिवार के साथ फिल्म देखने का उत्सव मनाया जा रहा है।
इस ज़मीनी क्रेज का असर सीधे बॉक्स ऑफिस पर दिख रहा है। ‘Border 2’ ने पहले ही दिन 30 करोड़ रुपये की शानदार कमाई कर ली है। इसके साथ ही फिल्म ने रणबीर सिंह की ‘धुरंधर’ को पीछे छोड़ दिया है, जिसने पहले दिन 28 करोड़ रुपये कमाए थे। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि जिस तरह की भीड़ शनिवार और रविवार को उमड़ रही है, Border 2 जल्द ही 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर सकती है।
28 साल बाद आई ‘Border 2’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक जमीनी आंदोलन बनती नजर आ रही है। पोस्टर से लेकर बॉक्स ऑफिस तक, हर जगह सनी देओल की दहाड़ सुनाई दे रही है।







