अमेरिकी सेना ने मंगलवार को एक ईरानी शहाद-139 ड्रोन को मार गिराया, जब वह अरब सागर में तैनात अमेरिकी नौसेना के एयरक्राफ्ट कैरियर की ओर बढ़ रहा था। इस घटना की जानकारी एक अमेरिकी अधिकारी ने रॉयटर्स को दी।
अधिकारी के अनुसार, ड्रोन USS Abraham Lincoln की ओर बढ़ रहा था, तभी उसे अमेरिकी F-35 लड़ाकू विमान ने इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। यह एयरक्राफ्ट कैरियर अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में ऑपरेशन कर रहा था।
US Central Command के एक प्रवक्ता ने CBS News को बताया कि इस कार्रवाई में शामिल विमान F-35C था। प्रवक्ता ने कहा कि ड्रोन का व्यवहार “खतरनाक” था और वह बिना स्पष्ट मंशा के आक्रामक तरीके से एयरक्राफ्ट कैरियर की ओर बढ़ रहा था।
प्रवक्ता ने कहा,
“एक अमेरिकी F-35C ने ईरानी शहाद ड्रोन को मार गिराया, जो अरब सागर में USS अब्राहम लिंकन एयरक्राफ्ट कैरियर की ओर आक्रामक तरीके से और अस्पष्ट उद्देश्य के साथ उड़ान भर रहा था।”
पेंटागन ने इस घटना को लेकर कोई अतिरिक्त जानकारी जारी नहीं की है। वहीं, ईरान की ओर से भी इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत प्रस्तावित है और साथ ही अमेरिका ने क्षेत्र में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा दी है।







