होम देश दुनिया खेल मनोरंजन लाइफस्टाइल
वेब स्‍टोरी ज़रा हटके

विश्व कैंसर दिवस पर दिल्ली में CAPS कार्यक्रम शुरू, महिलाओं के लिए मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग की बड़ी पहल

By Tazanow Desk

Published on:

Delhi State Cancer Institute CAPS programme
---Advertisement---

नई दिल्ली, 4 फरवरी 2026:
विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट (DSCI) द्वारा कैंसर जागरूकता, रोकथाम और शीघ्र पहचान को समर्पित एक व्यापक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय स्वास्थ्य मंत्री, दिल्ली सरकार डॉ. पंकज सिंह ने CAPS कार्यक्रम (Cancer Awareness, Prevention and Screening Programme) का औपचारिक शुभारंभ किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से महिलाओं के लिए कैंसर स्क्रीनिंग को अधिक सुलभ, सुविधाजनक और समयबद्ध बनाना है।

कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली सचिवालय, आई.पी. एस्टेट स्थित सभागार में किया गया, जिसमें वरिष्ठ सरकारी अधिकारी, चिकित्सक, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, गैर-सरकारी संगठन तथा आम नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में डॉ. तपस्या राघव, विशेष सचिव (स्वास्थ्य), दिल्ली सरकार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम की शुरुआत दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. विनोद कुमार के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने CAPS कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि महिलाओं की स्क्रीनिंग को प्राथमिकता देते हुए एक मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग वैन शुरू की जाएगी। यह वैन HPV डीएनए परीक्षण और मैमोग्राफी सुविधाओं से लैस होगी तथा पूर्व-निर्धारित तिथियों और समय पर बाजारों, सरकारी कार्यालयों, बैंकों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर तैनात की जाएगी, जिससे महिलाएं बिना अपने दैनिक कार्यों में बाधा डाले आसानी से जांच करा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाएं अक्सर अपने स्वास्थ्य को अंतिम प्राथमिकता देती हैं, जबकि कैंसर स्क्रीनिंग एक आवश्यकता है, और CAPS कार्यक्रम इस सोच को बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के दौरान कैंसर से जुड़े मिथकों को दूर करने, उपचार के प्रति भय कम करने, तंबाकू विरोधी पहल को बढ़ावा देने और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार HPV टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाने पर भी जोर दिया गया।

सभा को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि दिल्ली के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है और HPV वैक्सीन भी जल्द पुनः शुरू की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रज्ञा शुक्ला, विभागाध्यक्ष, क्लिनिकल ऑन्कोलॉजी, DSCI ने स्क्रीनिंग के माध्यम से कैंसर की शीघ्र पहचान के महत्व पर जागरूकता सत्र लिया। डिजिटल स्वास्थ्य की भूमिका पर श्री गौरव कुमार, सह-संस्थापक, BigOHealth ने “लास्ट-माइल कैंसर अवेयरनेस” विषय पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम का समापन डॉ. रविंदर सिंह, संयुक्त निदेशक, DSCI द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

कार्यक्रम के उपरांत कैंसर स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया, जिसमें सर्वाइकल कैंसर की जांच (HPV परीक्षण – 50) तथा स्तन कैंसर की जांच और मैमोग्राफी ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की गई।

DSCI की एक अन्य पहल PANKH (Prevention, Awareness, Nutrition, Knowledge and Hope) के अंतर्गत एक सरकारी विद्यालय में पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिससे बच्चों में स्वस्थ जीवनशैली और कैंसर रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। अस्पताल परिसर में आयोजित कविता पाठ कार्यक्रम ने मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को भावनात्मक संबल प्रदान किया।

इस अवसर पर तिब्बती कैंसर सोसाइटी ने भी सक्रिय भागीदारी की। संस्था द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया तथा बाल चिकित्सा वार्ड के बच्चों और अस्पताल कर्मियों को उपहार वितरित किए गए। संस्था के निदेशक श्री त्सुलत्रिम दोरजी ने कहा कि सच्चा उपचार शरीर, मन और आत्मा की संयुक्त देखभाल से संभव है और उनका उद्देश्य पीड़ा को कम करना तथा करुणा को कर्म में बदलना है।

इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग रोकथाम एवं नियंत्रण कार्यक्रम (NP-NCD) के अंतर्गत DSCI में सर्वाइकल कैंसर की VIA (एसिटिक एसिड द्वारा दृश्य परीक्षण) प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें डॉ. विनीता कुमार जग्गी, सहायक प्रोफेसर, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी और डॉ. ध्रुव जैन, सहायक प्रोफेसर, ऑन्को-पैथोलॉजी, DSCI द्वारा दिल्ली सरकार के 08 मेडिकल अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया।

---Advertisement---

Leave a Comment