Success Story: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के लिए गौरव का पल है. मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी योगेंद्र कुमार सिंह पटेल ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में 286वीं रैंक हासिल कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है. एक साधारण किसान परिवार से आने वाले योगेंद्र की यह सफलता आज हर युवा के लिए प्रेरणा बन गई है.
आईआईटी कानपुर से सिविल सेवा तक का सफर
योगेंद्र की प्रारंभिक शिक्षा माधौगंज के लखनऊ पब्लिक स्कूल से हुई, जिसके बाद उन्होंने सीएमएस लखनऊ से इंटरमीडिएट किया. उनकी शैक्षणिक योग्यता बेहद प्रभावशाली रही है. आईआईटी कानपुर से वर्ष 2014 में बीटेक और 2019 में एमटेक की डिग्री प्राप्त की है. पढ़ाई के बाद उन्होंने आईआईएससी (IISc) बैंगलोर में दो वर्षों तक शानदार नौकरी की.
नौकरी छोड़ी और चुना संघर्ष का रास्ता
बैंगलोर में हाई-प्रोफाइल नौकरी होने के बावजूद योगेंद्र का मन देश सेवा में लगा था.साल 2023 में उन्होंने अपनी नौकरी से रिजाइन दे दिया और पूरी तरह से यूपीएससी की तैयारी में जुट गए. कड़ी मेहनत और अटूट लगन का ही परिणाम है कि वर्ष 2026 में अपने पहले गंभीर प्रयास में उन्होंने सफलता हासिल की.
परिवार में खुशी की लहर
योगेंद्र के पिता गिरीश कुमार एक प्रगतिशील किसान हैं और माता रामरोशनी एक शिक्षिका हैं. उनके बड़े भाई पंकज एलटी पद पर कार्यरत हैं. बेटे की इस उपलब्धि पर माता-पिता को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. काजीपुर गांव से लेकर माधौगंज तक हर कोई योगेंद्र की सादगी और उनकी मेहनत की मिसाल दे रहा है.







