दिल्ली में हार्ट अटैक के बढ़ते मामलों को देखते हुए एक खास जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। दिल्ली पुलिस और iLive Connect ने मिलकर शास्त्री पार्क में कार्डियक हेल्थ अवेयरनेस कैंप लगाया। इसका उद्देश्य पुलिस कर्मियों को दिल की बीमारियों के खतरे और बचाव के तरीकों के बारे में जानकारी देना था।
आंकड़ों के मुताबिक, 2024 में दिल्ली में 34,000 से ज्यादा लोगों की मौत हार्ट अटैक से हुई, जो 2023 के मुकाबले काफी ज्यादा है। यह स्थिति चिंता बढ़ाने वाली है।
पुलिस कर्मियों में ज्यादा क्यों है खतरा
पुलिस की नौकरी में लगातार तनाव, लंबी ड्यूटी और कम आराम शामिल होता है। ऐसी जीवनशैली दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ा देती है। नींद की कमी, गलत खानपान और एक्सरसाइज की कमी भी बड़ी वजहें हैं।इसी को ध्यान में रखते हुए इस कैंप में जांच के साथ-साथ जागरूकता पर भी खास ध्यान दिया गया।
बचाव के आसान उपाय
डॉ. राहुल चंदोला ने बताया कि दिल की बीमारी अक्सर बिना किसी लक्षण के बढ़ती है। इसलिए समय रहते सावधानी जरूरी है।उन्होंने सलाह दी कि हर व्यक्ति को हफ्ते में कम से कम 150 मिनट एक्सरसाइज करनी चाहिए। तेज चलना और हल्की दौड़ जैसे आसान तरीके भी काफी मददगार हो सकते हैं। साथ ही रोज 7–8 घंटे की नींद लेना भी जरूरी है। खानपान में कम नमक और जंक फूड से दूरी बनाना दिल को स्वस्थ रखने में मदद करता है।

छिपा हुआ खतरा
विशेषज्ञों ने बताया कि करीब 50% हार्ट अटैक बिना किसी चेतावनी के होते हैं। सामान्य जांच कई बार पूरी जानकारी नहीं दे पाती। तनाव भरी नौकरी करने वालों में हार्ट अटैक का खतरा और भी ज्यादा होता है, इसलिए नियमित निगरानी जरूरी है।
टेक्नोलॉजी से मिलेगी मदद
इस कैंप में iLive Connect के खास डिवाइस भी दिखाए गए, जो दिल की गतिविधियों को लगातार मॉनिटर करते हैं। ये डिवाइस डॉक्टरों से जुड़े होते हैं, जो किसी भी समस्या पर तुरंत अलर्ट भेज सकते हैं।
कुछ पुलिस कर्मियों को ये डिवाइस 7 दिन के लिए दिए गए हैं, ताकि उनकी सेहत पर नजर रखी जा सके।
जागरूकता की ओर बड़ा कदम
अधिकारियों ने इस पहल को सराहा और कहा कि व्यस्त जीवन में भी सेहत का ध्यान रखना जरूरी है। आने वाले समय में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह कैंप लोगों को जागरूक करने और बेहतर जीवनशैली अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।







