नई दिल्ली: कंगना रनौत की आने वाली फिल्म भारत भाग्य विधाता को रिलीज़ से ठीक पहले बड़ी खुशखबरी मिली है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग देखने के बाद इसे राष्ट्रीय राजधानी में टैक्स फ्री घोषित कर दिया है। फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है।
दिल्ली में आयोजित इस खास स्क्रीनिंग का माहौल सिर्फ फिल्म तक सीमित नहीं था। यह शाम उन लोगों के नाम रही, जो अक्सर सुर्खियों में नहीं आते, लेकिन अपने काम से समाज और देश को मजबूत बनाते हैं। कंगना रनौत और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐसे कई रियल लाइफ हीरोज को सम्मानित किया, जिन्होंने अपनी सेवाओं से लोगों की जिंदगी में फर्क पैदा किया है।
इस मौके पर कंगना रनौत काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्होंने बिना किसी देरी के फिल्म की स्क्रीनिंग में शामिल होने की सहमति दी।
कंगना ने कहा, “मैं अपनी पूरी टीम की ओर से रेखा जी का दिल से धन्यवाद करना चाहती हूं। उन्होंने दिल्ली के लिए जो काम किए हैं, उनकी उतनी चर्चा नहीं होती जितनी होनी चाहिए। जब मैंने उन्हें फिल्म देखने का निमंत्रण दिया, तो उन्होंने तुरंत हामी भर दी। इसके लिए मैं हमेशा उनकी आभारी रहूंगी।”
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी भारत भाग्य विधाता की सराहना की और इसके संदेश को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
रेखा गुप्ता ने कहा, “कंगना रनौत सिर्फ संसद में ही नहीं, बल्कि अपनी फिल्मों के जरिए भी लोगों की बात करती हैं। इस फिल्म का सबसे बड़ा संदेश यह है कि देशभक्ति सिर्फ वर्दी पहनने वालों तक सीमित नहीं है। हमारे देश का हर नागरिक, जो अपने कर्तव्य को ईमानदारी से निभाता है, वही असली भारत भाग्य विधाता है।”
उन्होंने आगे कहा कि जब देश को जरूरत पड़ती है, तब आम लोग ही सबसे पहले आगे आकर जिम्मेदारी निभाते हैं और यही भारत की असली ताकत है।
इस कार्यक्रम में कई केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। इनमें केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं आयुष राज्य मंत्री प्रताप राव जाधव, केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह और दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
फिल्म की टीम इन दिनों देशभर में एक खास अभियान चला रही है। इसके तहत अलग-अलग शहरों में विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की जा रही हैं, जहां पुलिसकर्मियों, नर्सों, वार्ड बॉय, सफाई कर्मचारियों, सुरक्षा गार्डों और अन्य फ्रंटलाइन वर्कर्स को सम्मानित किया जा रहा है।
दिल्ली में भी निशी पाठक, पुष्पा, सुमन, मेनका, नम्रता यादव, नीति शर्मा, बीके खुराना और शशि लाल जैसे कई अनदेखे नायकों को भारत भाग्य विधाता बैज देकर सम्मानित किया गया।
भारत भाग्य विधाता को डॉ. जयंतीलाल गड़ा (पेन स्टूडियोज) प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण पेन स्टूडियोज, मणिकर्णिका फिल्म्स और परमहंस क्रिएशंस ने किया है। यह फिल्म 12 जून 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
रिलीज़ से पहले दिल्ली में टैक्स फ्री का दर्जा मिलना फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक बड़े पर्दे पर इस फिल्म को कितना प्यार देते हैं।







