ईशा योग केंद्र में आयोजित होने वाला महाशिवरात्रि उत्सव इस वर्ष और भी खास होने जा रहा है, क्योंकि 15 फरवरी 2026 को भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन सहित कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहेंगी।
योगी और संत सद्गुरु के मार्गदर्शन में आयोजित यह पूरी रात चलने वाला महाशिवरात्रि उत्सव भक्ति, ध्यान, संगीत और आध्यात्मिक अनुभव का अनोखा संगम होगा। 100 से अधिक टीवी चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 23 भाषाओं में लाइव प्रसारण के साथ यह कार्यक्रम दुनिया भर में 14 करोड़ से अधिक दर्शकों तक पहुंचने की उम्मीद है।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्यानलिंग में पंच भूत क्रिया से होगी, जो पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश — इन पांच तत्वों को समर्पित एक शुद्धिकरण प्रक्रिया है। इसके बाद लिंग भैरवी महायात्रा निकलेगी, जो दिव्य स्त्री शक्ति का उत्सव है।
रातभर चलने वाले इस आयोजन में संगीत का विशेष महत्व रहेगा। प्रसिद्ध कलाकार आदित्य गढ़वी, प्रशांत सोनागरा और उनकी टीम, “साउंड्स ऑफ ईशा” के साथ स्वरूप खान, ब्लेज, पैराडॉक्स, स्वागत राठौड़ और पृथ्वी गंधर्व जैसे कलाकार लोक और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम प्रस्तुत करेंगे।
महाशिवरात्रि से पहले आयोजित “यक्ष” उत्सव में कर्नाटक संगीत गायक सिक्किल गुरूचरण, हिंदुस्तानी गायक राहुल देशपांडे और भरतनाट्यम नृत्यांगना मीनाक्षी श्रीनिवासन प्रस्तुति देंगे।

इस बार पहली बार सद्गुरु स्वयं योगेश्वर लिंग महाअभिषेक करेंगे, जिससे दुनिया भर के श्रद्धालुओं को इस पवित्र ऊर्जा से जुड़ने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण आदियोगी दिव्य दर्शनम होगा — एक भव्य लाइट और साउंड शो, जो 112 फुट ऊंची आदियोगी प्रतिमा को जीवंत कर योग की उत्पत्ति की कहानी प्रस्तुत करेगा।
मध्यरात्रि में सद्गुरु महा मंत्र दीक्षा देंगे और ब्रह्म मुहूर्त (सुबह 3:40 बजे) में विशेष ध्यान सत्र का मार्गदर्शन करेंगे, जो इस रात की विशेष ग्रह स्थिति की ऊर्जा का लाभ लेने के लिए तैयार किया गया है। “शिव की महान रात” मानी जाने वाली महाशिवरात्रि आध्यात्मिक उन्नति के लिए विशेष मानी जाती है।
यह 12 घंटे का कार्यक्रम 15 फरवरी शाम 6 बजे से सद्गुरु के यूट्यूब चैनलों और प्रमुख मीडिया नेटवर्क पर लाइव प्रसारित होगा, जिससे दुनिया भर के साधक इस आध्यात्मिक उत्सव में शामिल हो सकेंगे।







