उत्तर प्रदेश के Ghaziabad से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है, जहां तीन नाबालिग सगी बहनों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, तीनों ने नौवीं मंजिल से छलांग लगाई। यह घटना टीला मोड़ थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसाइटी में हुई।
मृतक बहनों की पहचान 16 वर्षीय विशिका, 14 वर्षीय प्राची और 12 वर्षीय पाखी के रूप में हुई है। वे अपने परिवार के साथ बी-1 टावर के फ्लैट नंबर 907 में रहती थीं। घटना मंगलवार देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि तीनों बहनें ऑनलाइन टास्क-आधारित मोबाइल गेम खेलती थीं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गेमिंग को लेकर परिवार द्वारा आपत्ति जताए जाने के बाद यह घटना हुई हो सकती है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आत्महत्या के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी।
घटनास्थल से एक पेज का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें बच्चियों ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है और एक डायरी पढ़ने का उल्लेख किया गया है। नोट हिंदी और अंग्रेज़ी के मिश्रण में लिखा गया है। पुलिस मोबाइल फोन, डायरी और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।








