होम देश दुनिया खेल मनोरंजन लाइफस्टाइल
वेब स्‍टोरी ज़रा हटके

परिवार के पुरुषों को स्वस्थ रखने में महिलाओं की बड़ी भूमिका, अपनाएं ये आसान टिप्स

By Nandini Sharma

Published on:

Easy Wellness Tips Women Can Help the Men in Their Family Follow
---Advertisement---

अक्सर देखा जाता है कि बहुत से पुरुष अपनी सेहत से जुड़ी छोटी-छोटी समस्याओं को नजरअंदाज कर देते हैं और समय पर डॉक्टर के पास जाने से बचते हैं। कई बार वे नियमित स्वास्थ्य जांच भी नहीं कराते। ऐसे में परिवार की महिलाएं, जैसे मां, पत्नी, बहन या बेटी, उन्हें अपनी सेहत का ध्यान रखने के लिए प्रेरित कर सकती हैं। महिलाओं के छोटे-छोटे प्रयास पुरुषों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।

महिलाएं परिवार की सबसे मजबूत कड़ी होती हैं और घर में अच्छी स्वास्थ्य आदतें विकसित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। चाहे पति को हेल्थ चेक-अप कराने की याद दिलानी हो, पिता को रोज टहलने के लिए कहना हो या बेटे को अच्छी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना हो, महिलाएं पूरे परिवार की सेहत का ख्याल रखने में आगे रहती हैं।

आजकल कई पुरुष मधुमेह (डायबिटीज), उच्च रक्तचाप, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल, हृदय रोग, प्रोस्टेट की समस्याएं, लीवर और किडनी से जुड़ी बीमारियों का सामना कर रहे हैं। इन बीमारियों का समय पर पता लगाना और सही इलाज कराना बहुत जरूरी है। लेकिन कई पुरुष डॉक्टर के पास जाने में देरी करते हैं और अपनी परेशानी के बारे में खुलकर बात नहीं करते। यही कारण है कि पुरुषों को अपनी सेहत को प्राथमिकता देनी चाहिए और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए। आज अपनाई गई अच्छी आदतें भविष्य में उन्हें गंभीर बीमारियों से बचा सकती हैं और बेहतर जीवन जीने में मदद कर सकती हैं।

महिलाएं पुरुषों को इन आसान आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित करे

1. समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराएं

पुरुषों को नियमित रूप से ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल और हृदय स्वास्थ्य की जांच करानी चाहिए। मानसिक स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना जरूरी है। अगर लगातार थकान महसूस हो, सीने में दर्द या भारीपन हो, सांस लेने में तकलीफ हो या बिना किसी कारण वजन कम होने लगे, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

2. रोजाना व्यायाम और अच्छी नींद को महत्व दें

हर पुरुष को रोज कम से कम ३०  मिनट तक तेज चलना, साइकिल चलाना, जिम जाना या कोई भी शारीरिक गतिविधि करनी चाहिए। इससे वजन नियंत्रित रहता है और हृदय स्वस्थ रहता है। इसके साथ ही रोज पर्याप्त और अच्छी नींद लेना भी बहुत जरूरी है।

3. संतुलित और पौष्टिक भोजन करें

महिलाएं यह सुनिश्चित करें कि घर के पुरुष ताजे फल, हरी सब्जियां, दालें और साबुत अनाज का सेवन करें। ज्यादा तला-भुना, पैकेट वाला और अधिक चीनी युक्त भोजन कम करें, क्योंकि इससे मोटापा, मधुमेह और उच्च रक्तचाप का खतरा बढ़ सकता है। पुरुषों को दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए। साथ ही धूम्रपान और शराब जैसी बुरी आदतों से दूर रहना चाहिए।

4. तनाव कम करें और मन को शांत रखें

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव बढ़ना आम बात है। इसलिए पुरुषों को योग और ध्यान जैसी गतिविधियां करनी चाहिए। परिवार और दोस्तों के साथ खुलकर बात करनी चाहिए, अपनी पसंद के शौक जैसे क्रिकेट या अन्य मनोरंजक गतिविधियों के लिए समय निकालना चाहिए और परिवार के साथ अच्छा समय बिताना चाहिए। इससे मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य बेहतर रहता है।

महिलाओं का थोड़ा सा सहयोग और प्रोत्साहन पुरुषों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर सकता है। यदि पिता, पति और बेटे नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं, अच्छी आदतें अपनाएं और अपनी सेहत का ध्यान रखें, तो वे न केवल बीमारियों से बच सकते हैं बल्कि एक लंबा, स्वस्थ और खुशहाल जीवन भी जी सकते हैं।

---Advertisement---

Leave a Comment